शिक्षा और रोजगार
सिरसा ब्रांच नहर में नहाते समय 11वीं का छात्र लापता, एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी
दोस्तों के साथ नहर पर गया छात्र तेज धारा में समाया
नरवाना (सच कहूँ/राहुल)। Narwana News: ढाकल पुल के पास सिरसा ब्रांच नहर में दोस्तों के साथ नहाने गया 11वीं कक्षा का एक छात्र तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरु कराई। बाद में एनडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो देर शाम तक छात्र की तलाश में जुटी रही। लापता छात्र की पहचान 16 वर्षीय वरुण के रुप में हुई है। वह मूल रुप से गांव बड़नपुर का निवासी था और वर्तमान में परिवार सहित नरवाना की चमेला कॉलोनी में रहता था। वह एक निजी विद्यालय में 11वीं कक्षा का छात्र था।
जानकारी के अनुसार वरुण रविवार को अपने दोस्तों के साथ ढाकल पुल के पास सिरसा ब्रांच नहर पर नहाने गया था। इस दौरान उसने नहर पार करने का प्रयास किया। पहले दो प्रयासों में वह सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन तीसरी बार तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक एनडीआरएफ की टीम नहर में सर्च अभियान चलाती रही, लेकिन खबर लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं लग पाया था। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नहरों और अन्य जल स्रोतों में नहाने या उन्हें पार करने का जोखिम न उठाएं, क्योंकि तेज बहाव कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है।