शिक्षा और रोजगार
गांव दीवाना में उत्साह से सुना गया प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' का 136वां संस्करण, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया पौधारोपण
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दीवाना में हुआ पौधारोपण
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: विधानसभा पिहोवा के बाखली मंडल के गांव दीवाना में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, भाजपा जिला प्रभारी दीपक शर्मा तथा बाखली मंडल अध्यक्ष सुखबीर सिंह इशाक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचने पर गांव के सरपंच राम नाथ सैनी एवं ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का फूल-मालाएं पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा स्मृति चिन्ह देकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। इसके बाद प्रधानमंत्री के आह्वान पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। साथ ही बूथ नंबर-63 पर बूथ समिति की बैठक आयोजित कर संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी दीपक शर्मा ने संगठन के प्रति उत्कृष्ट कार्य करने पर शक्ति केंद्र प्रमुख बंटी दीवाना को सम्मानित किया तथा सभी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। जिला प्रभारी दीपक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को प्रेरित करने वाला जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पूरी निष्ठा के साथ करना चाहिए।
उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ कार्यकर्ता ही हैं। जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को इस अभियान से जुड़कर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम से समाज को सकारात्मक सोच, सेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा मिलती है। बाखली मंडल अध्यक्ष सुखबीर सिंह इशाक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है l भाजपा कार्यकर्ता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का कार्य करें।
कार्यक्रम के अंत में गांव के सरपंच राम नाथ सैनी ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर महामंत्री सतपाल मास्टर, मन की बात प्रमुख जगमाल सिंह, शक्ति केंद्र प्रमुख बंटी दीवाना, गांव के गणमान्य नागरिक, सभी बूथ अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
