शिक्षा और रोजगार
Cricket News: सूर्यवंशी की शानदार पारी पर फिदा हुए लक्ष्मण, बोले- दिखी गजब की परिपक्वता
वैभव सूर्यवंशी की परिपक्वता से प्रभावित हुए वीवीएस लक्ष्मण, कहा- लंबा करियर और रिकॉर्ड तोड़ने की क्षमता
हरारे (एजेंसी)। Cricket News: जिम्बाब्वे दौरे पर भारत के मुख्य कोच के रूप में गए वीवीएस लक्ष्मण ने सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की सराहना करते हुए कहा कि वह पूरी तरह परिपक्व नजर आ रहे है और यही बात में मुझे उनकी सबसे अधिक पसंद है। जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप के बाद लक्ष्मण ने कहा, "वह बहुत ही परिपक्व नजर आ रहे हैं और यही बात मुझे वैभव के बारे में सबसे अधिक पसंद है। वह हर मैच में परिस्थितियों का आकलन कर रहे हैं और बेहतर होते जा रहे हैं।
वह केवल मैचों का ही नहीं, बल्कि हर अभ्यास सत्र का भी विश्लेषण करते हैं। आज आपने जो देखा, वह एक परिपक्व पारी थी क्योंकि मैदान बहुत बड़ा था और विकेट धीमा था, जहां गेंद थोड़ी रुककर आ रही थी। मुझे लगा कि जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने उनके खिलाफ विशेष योजना बनाई थी, लेकिन उन्होंने उस योजना का शानदार जवाब दिया। वैभव की यह बेहद परिपक्व पारी थी।"
जब सूर्यवंशी की सबसे बड़ी ताकत के बारे में पूछा गया तो लक्ष्मण ने कहा, "उन्हें अपने खेल की अच्छी समझ है, लेकिन जो बात सबसे ज़्यादा प्रभावित करती है कि वह एक इंसान के तौर पर विकसित हुए हैं। पिछले छह महीनों में उनकी परिपक्वता, समझ और जागरूकता में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। यही वजह है कि वह मुश्किल परिस्थितियों का सामना कर पा रहे हैं और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ दबाव में भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हम वैभव को बहुत अच्छी तरह जानते हैं। करीब ढाई साल पहले, 2024 अंडर-19 विश्व कप से ठीक पहले विजयवाड़ा में हुई चतुष्कोणीय सीरीज के दौरान हमने, उन्हें पहचाना था, जहां वह इंडिया बी के लिए सबसे अधिक रन बनाने वालों में शामिल थे। तब से वह सेंटर आॅफ एक्सीलेंस के कई कैंपों का हिस्सा रहे हैं और फिर 2026 अंडर-19 विश्व कप में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। इसलिए हम उन्हें पूरी तरह जानते हैं- केवल एक खिलाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में भी। जब आप किसी इंसान को अच्छी तरह जानते हैं, तो आपको समझ आता है कि उनके लिए क्या बेहतर काम करता है और उन्हें मैच से पहले किस तरह तैयार किया जाए ताकि वह सही मानसिक स्थिति में मैदान पर उतरे।"
लक्ष्मण के अनुसार सूर्यवंशी के लिए सबसे ज्यादा सुधार की गुंजाइश उनकी फिटनेस में है। उन्होंने कहा, "एक क्षेत्र जिसमें हम चाहते हैं कि वह सुधार करें, वह उनकी समग्र फिटनेस है। वह अभी बहुत छोटे हैं और स्वयं भी खेल के हर पहलू में बेहतर बनना चाहते हैं। आज भी जब वह चोटिल हुए (डीप स्क्वेयर लेग से दौड़ते हुए डाइव लगाकर कैच लेने की कोशिश में), तब भी वह मैदान पर बने रहना चाहते थे। लेकिन हमारे फिजियो ने उन्हें बाहर आने के लिए कहा। यही उनकी टीम के लिए हर संभव तरीके से योगदान देने की लगन और ईमानदारी को दिखाता है।"
उन्होंने कहा, "मुझे इस सीरीज में उनके प्रदर्शन पर कोई हैरानी नहीं हुई। वह शतक नहीं बना पाने से निराश थे, लेकिन हमने उनसे कहा कि यह न तो पहला अवसर था और न आखिरी होगा। उनके सामने बहुत लंबा करियर है और हर दिन बेहतर बनने का उनका नजरिया और सोच शानदार है। मुझे पूरा भरोसा है कि वह आगे बढ़ेंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सभी रिकॉर्ड तोड़ेंगे। उनके पास ऐसा करने की पूरी क्षमता और प्रतिभा है।"
