हथियारबंद युवकों ने फैक्ट्री संचालक पर किया हमला, जान से मारने की दी धमकी
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: सोहटी गांव में एक प्लास्टिक रीसाइक्लिंग फैक्ट्री संचालक के साथ हथियारबंद युवकों द्वारा मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सोहटी निवासी दीपक राणा ने बताया कि उसकी कुतुबगढ़ रोड पर प्लास्टिक रीसाइक्लिंग की फैक्ट्री है। 26 जुलाई की शाम वह अपने दोस्त सुजीत के साथ फैक्ट्री से लौट रहा था।
इसी दौरान चार युवक सफेद स्कॉर्पियो में हथियार लेकर पहुंचे और उनका रास्ता रोक लिया। चारों ने पुरानी रंजिश को लेकर हथियारों के बट तथा लात-घूंसों से दोनों के साथ मारपीट की। शोर सुनकर फैक्ट्री से अन्य लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपियों ने अवैध हथियार लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का मेडिकल कराया। मेडिकल रिपोर्ट तथा शिकायत के आधार पर थाना खरखौदा में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
