68.74 लाख रुपये की ठगी का मास्टरमाइंड नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार
युवकों को बंधक बनाकर कनपटी पर बंदूक रख मंगवाए रुपये
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: विदेश भेजने के नाम पर युवकों को बंधक बनाकर उनसे लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने मुख्य आरोपी को नेपाल-सनौली बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जींद जिले के गांव थुआ निवासी रमेश के रूप में हुई है। अदालत में पेश करने के बाद उसे गहन पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस मामले में पुलिस इससे पहले चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव करोड़ा निवासी वेदपाल ने थाना पूंडरी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि फरवरी 2021 में रमेश ने उसके बेटे भूपेंद्र को अमेरिका भेजने का झांसा दिया। पहले 42 लाख रुपये की मांग की गई, बाद में भूपेंद्र और उसके पड़ोसी राजेश को अमेरिका भेजने के लिए 80 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। आरोपियों ने एक माह के भीतर दोनों को अमेरिका भेजने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग किस्तों में रुपये लेने शुरू कर दिए। 19 जून को 5.50 लाख रुपये और 22 अक्टूबर को वीजा लगने का झांसा देकर 2.50 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद दोनों युवकों को दिल्ली से कोलकाता ले जाकर कुछ दिन होटल में ठहराया गया।
फर्जी टिकट दिखाकर किया अपहरण
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी हवाई टिकट दिखाकर दोनों युवकों को कोलकाता के इको पार्क में बंधक बना लिया। वहां उनके साथ मारपीट की गई और कनपटी पर बंदूक रखकर परिजनों को फोन कराया गया कि वे अमेरिका पहुंच चुके हैं और बाकी रकम तुरंत भेजी जाए। 30 अक्टूबर को आरोपी रमेश और उसका बेटा रोहित पीड़ित के घर पहुंचे और 13 लाख रुपये लेकर चले गए। आरोप है कि आरोपियों ने अलग-अलग समय पर कुल 68 लाख 74 हजार रुपये ऐंठ लिए।
इंडोनेशिया भेजकर भी किया प्रताड़ित
पीड़ित के अनुसार, 10 नवंबर को उसके बेटे भूपेंद्र ने फोन कर बताया कि आरोपी उसे बंधक बनाकर रखे हुए हैं और पासपोर्ट भी अपने कब्जे में ले लिया है। किसी तरह जान बचाकर निकलने के बाद भी आरोपियों ने रुपये लौटाने के बजाय सितंबर 2022 में दोबारा विदेश भेजने का झांसा देकर उसे इंडोनेशिया के जकार्ता भेज दिया। वहां भी उसे भूखा-प्यासा रखा गया और प्रताड़ित किया गया। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने इंकार कर दिया और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया था।
नेपाल के रास्ते लौटते समय दबोचा आरोपी
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रमेश वारदात के बाद विदेश चला गया था। वह नेपाल के रास्ते दोबारा भारत लौट रहा था। सूचना मिलने पर स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने नेपाल-सनौली बॉर्डर पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अदालत से चार दिन का रिमांड लेकर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित सहयोगियों का पता लगाया जा सके।
