अविकसित कॉलोनी में पड़ा मिला युवक का शव, नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका
कॉलोनी में मिला युवक का शव, मौत के कारणों की जांच जारी
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के भूरा मार्ग पर स्थित एक अविकसित कॉलोनी में युवक का शव पड़ा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया नशे की ओवरडोज से युवक की मौत होना प्रतीत हो रहा है। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे कोतवाली पुलिस को कस्बे के झिंझाना मार्ग पर सब्जी मंडी के निकट स्थित एक अविकसित कॉलोनी में युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली, जिस पर नगर की किलागेट चौकी प्रभारी एसआई राजकुमार बघेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त के प्रयास किये।
उन्होंने मामले की सूचना अपने उच्चाधिकारियों को भी दी। इसके बाद, सीओ कैराना हेमंत कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी हासिल की। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किये। युवक के पास से मिले मोबाइल फोन में डायल नंबरों पर संपर्क किया गया, जिसके आधार पर मृतक की पहचान जतिन पुत्र साहबसिंह निवासी ग्राम भैंसवाल थाना गढ़ीपुख्ता के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि जतिन लगभग चार दिन पहले घर से निकला था। वह पहले भी कई बार घर से बाहर रह चुका था। पुलिस ने मृतक युवक के शव को पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवक के शव के पास एक काला बैग व खाली सिरिंज पड़ी थी, जबकि काले रंग की बाइक उसके पास खड़ी थी। युवक के सिर का पिछला हिस्सा पीछे खड़ी दीवार से टकराया हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, शायद पीछे की ओर गिरते समय ऐसा हुआ होगा। मृतक युवक अविवाहित बताया गया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि कॉलोनी से बरामद युवक के शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया नशे की ओवरडोज से युवक की मौत होना प्रतीत हो रहा है। युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
16.jpg)