नमकीन व्यापारी से बाइक सवारों ने छीना मोबाइल, तस्वीरे वायरल

नमकीन कारोबारी से लूट का प्रयास, मोबाइल लेकर फरार हुए युवक; जांच में जुटी पुलिस

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के नमकीन व्यापारी से बाइक सवार तीन युवकों ने मोबाइल छीन लिया। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है। वहीं, आरोपी युवकों की सीसीटीवी तस्वीरे सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई है। कस्बे के मोहल्ला राजेन्द्र कॉलोनी आलकलां निवासी गौतम ने कोतवाली पुलिस को शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि उसका कैराना में नमकीन आदि का थोक व्यापार है। वह प्रतिदिन क्षेत्र में दुकानदारों से उधार का पैसा कलेक्शन करने के लिए जाता है।

रविवार प्रातः करीब 9:15 बजे वह उधार का करीब 20 हजार रुपये कलेक्शन करके कस्बे के मोहल्ला इकबालपुरा में स्थित एवरग्रीन स्कूल के पास पहुंचा, तभी होंडा व स्प्लेंडर बाइकों पर सवार तीन युवकों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिस पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। उसके बाइक ठीक कराने की सहमति पर लोगो ने मामला शांत करा दिया। आरोप है कि जैसे ही वह कस्बे के सरकारी अस्पताल के पास पहुंचा, तभी तीनों युवक बाइक से वहां पर पहुंचे और उसका मोबाइल छीन लिया। आरोपियों ने उससे कैश व बाइक भी लूटने का प्रयास किया। आरोपी युवक घटना को अंजाम देकर आर्यपुरी की ओर फरार हो गए।

घटना के बाद वह काफी डरा हुआ है। पीड़ित व्यापारी ने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है। वहीं, व्यापारी से मोबाइल छीनने के आरोपियों की सीसीटीवी तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप के अनेकों समूहों में वायरल हो रही है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि बाइकों में टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें बाइक ठीक कराने पर सहमति बन गई थी। बाद में बाइक ठीक कराने की बात से मुकरने पर युवक दुकान से मोबाइल उठाकर ले गए। मामले की जांच करके अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Kairana News (3)

About The Author

Related Posts