कैराना में मेडिकल स्टोर पर ड्रग इंस्पेक्टर की छापेमारी, हड़कंप
औषधि निरीक्षक की छापेमारी के चलते धड़ाधड़ बंद हो गए कस्बे के अनेकों मेडिकल स्टोर
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना में औषधि निरीक्षक की मेडिकल स्टोर पर छापेमारी से हड़कंप मच गया। इस दौरान औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर से मिली कुछ नारकोटिक्स दवाइयों को फ्रीज करते हुए उनके विक्रय पर रोक लगा दी है। वहीं, छापेमारी के दौरान कस्बे के कई मेडिकल स्टोर संचालक अपनी दुकानें बंद करके रफूचक्कर हो गए।
शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे औषधि निरीक्षक पवन कुमार शाक्य कैराना पहुंचे। जहां पर उन्होंने कस्बे के आर्य कन्या इण्टर कॉलिज के निकट स्थित अली मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके पर मौजूद औषधि विक्रेता से मेडिसिन विक्रय सम्बन्धी लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा, जिस पर स्टोर संचालक ने विभाग द्वारा जारी लाइसेंस औषधि निरीक्षक को दिखाया। इस दौरान ड्रग इंस्पेक्टर ने स्टोर पर मौजूद मेडिसिन, साफ-सफाई तथा दवाइयों के बिल आदि की गहनता से जांच की। वहीं, ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि शासनादेश के चलते, मेडिकल स्टोरों के सत्यापन का कार्य चल रहा है। रूटीन जांच के लिए वह कैराना के एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचे थे।
वहां पर कुछ नारकोटिक्स आइटम व बिल मिले है। स्टोर संचालक को नारकोटिक्स आइटम की डिटेल उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके अलावा, दुकान से मिले बिलों को भी ट्रेस किया जाएगा। अग्रिम आदेश तक मेडिकल स्टोर को बंद करा दिया गया है तथा मेडिसिन के विक्रय पर रोक लगा दी गई है। किसी भी मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवाइयों का विक्रय नही होने दिया जाएगा। उधर, ड्रग इंस्पेक्टर की छापेमारी से नगर में अवैध रूप से चल रहे ज्यादातर मेडिकल स्टोर बंद हो गए। मेडिकल स्टोर संचालक अपनी दुकानें बंद करके मौके से फरार हो गए।
11.jpg)