शिक्षा और रोजगार
डीएम एसएसपी ने सुनी जनसमस्याएं, 204 में से 11 का हुआ निस्तारण
बचीं शिकायतों का एक सप्ताह में निस्तारण करने के अधिनस्थों को निर्देश
फिरोजाबाद/जसराना (सच कहूँ न्यूज़)। Firozabad News: जनता की समस्याओं का त्वरित गति के साथ निस्तारण सम्भव हो सके, इस उद्देश्य को लेकर सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में आज शनिवार जसराना में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में किया गया। जिलाधिकारी ने अध्यक्षता करते हुए जनता की समस्याओं को गंभीरता के साथ सुनने के उपरांत विभागीय अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही उनका निराकरण करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश निर्गत किये।
सम्पूर्ण समाधान समाधान दिवस के दौरान डीएम ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी फरियादी समस्या के समाधान के उद्देश्य से ही सरकारी कार्यालय में आता है, इसलिए जनता की समस्या का समाधान करना हम सबके लिए सर्वाेच्च प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए । कोई भी फरियादी तहसील दिवस या किसी भी कार्यालय से निराश होकर नहीं लौटना चाहिए, पारदर्शिता के आधार पर सभी समस्याओं का समाधान होना चाहिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 204 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें डीएम, एसएसपी ने मौके पर ही 11 शिकायतों का निस्तारण कराया और बाकी बची शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इधर डीएम ने उप जिलाधिकारी जसराना व पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिए कि वह समाधान दिवस की समाप्ति के उपरांत जमीनी विवाद व अतिक्रमण के प्रकरणों में अलग-अलग राजस्व व पुलिस की टीम बनाकर मौके पर भेजकर शिकायतों का गुणदोष के आधार पर पूरी गुणवत्ता व पारदर्शिता के साथ निस्तारण कराए और निस्तारण को शिकायतकर्ता को अवगत भी कराए।
जिलाधिकारी ने अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतों को प्रभावी ढंग व गम्भीरता से निस्तारण करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, डीएफओ भानेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ राम बदन राम, बीएसए अजय कुमार , परियोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी जसराना, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
