Yogi Adityanath Jalaun visit: यूपी के इस जिले को मिलेगी 1200 करोड़ रुपये की सौगात

शनिवार काे जालौन आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Published On

Yogi Adityanath Jalaun visit: उरई, (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शनिवार का जालौन दौरा जिले के विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री अपने लगभग दो घंटे दस मिनट के प्रवास के दौरान जिले को 1200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित कर प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं जिले के विकास की रूपरेखा जनता के सामने रखेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा, यातायात, मंच निर्माण, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं और जनसभा स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। Yogi Adityanath News

जिला खेल मैदान में होगा मुख्य कार्यक्रम

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम उरई के कालपी रोड स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के समीप जिला खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा। यह मैदान पूर्व में इंदिरा स्टेडियम के नाम से जाना जाता था। पिछले कई दिनों से यहां युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही थीं। विशाल मंच, वीआईपी गैलरी, आमजन के बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

सूचना विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर दोपहर 12:40 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वे सड़क मार्ग से 12:45 बजे जिला खेल मैदान पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल पर सबसे पहले मुख्यमंत्री जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे। समीक्षा बैठक में विशेष रूप से उरई, कालपी और माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा होगी। विभिन्न विभागों के अधिकारी मुख्यमंत्री के समक्ष योजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट और प्रस्तुतीकरण देंगे।

चार सरकारी भवनों सहित सदर तहसील भवन का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री के दौरे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा 1200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण रहेगा। प्रशासन के अनुसार इन परियोजनाओं में चार सरकारी भवनों के साथ लंबे समय से प्रतीक्षित नवनिर्मित सदर तहसील भवन का भी लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी तथा राजस्व, जनसेवा और अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ आम नागरिकों को पहले से अधिक सुगमता से मिल सकेगा।

समीक्षा और लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री लगभग दोपहर 1:45 बजे से जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन करीब एक घंटे तक चलने की संभावना है। अपने भाषण में मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सिंचाई, पेयजल, आधारभूत ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए जिले के विकास के लिए सरकार की आगामी योजनाओं की जानकारी भी दे सकते हैं। Yogi Adityanath News

प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरा प्रशासन अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम की निगरानी झांसी मंडल के आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. आकाश कुलहरि, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी राजीव राज तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। सभी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस लाइन से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की भी तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।

यातायात व्यवस्था में रहेगा बदलाव

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन किए जा सकते हैं। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और जारी यातायात निर्देशों का पालन करें। बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा जिले के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से जालौन में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आम जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा। Yogi Adityanath News

About The Author

Related Posts