शहर में बार-बार बिजली के वोल्टेज में उतार-चढ़ाव को लेकर विधायक ने दिए संबंधित अधिकारी को जांच के निर्देश
लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: स्थानीय लघु सचिवालय में विधायक पवन खरखौदा की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसडीएम अमित भारद्वाज भी मौजूद रहे। विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाले किसी भी शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान शिविर में कुल तीन शिकायत प्राप्त हुई। शिविर के दौरान शहर में बार-बार बिजली के वोल्टेज में उतार-चढ़ाव संबंधी एक शिकायत प्राप्त हुई। शिकायतकर्ता ने बताया कि लगातार वोल्टेज में उतार-चढ़ाव होने के कारण बिजली से संचालित घरेलू एवं अन्य विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इस पर विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच कर समस्या का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त खरखौदा स्थित ब्राह्मण दरवाजा क्षेत्र की पुलिया क्षतिग्रस्त होने तथा दुर्घटना की आशंका संबंधी एक शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए सचिव नगर पालिका को अग्रेषित किया गया तथा शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत करने के निर्देश दिए। गांव गढ़ी सिसाना निवासी मुकेश द्वारा एक शिकायत दर्ज करवाई गई, जिसमें उन्होंने पिछले पांच माह से लंबित वेतन दिलवाने तथा रिक्शा उपलब्ध कराने की मांग की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए इसे आवश्यक कार्रवाई एवं नियमानुसार निस्तारण के लिए संबंधित बीडीपीओ को निर्देश दिए गए।
1.jpg)