Cyber Crime: साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 43 लाख की ठगी, 10 गिरफ्तार
फरीदाबाद, (सच कहूँ न्यूज)। घर बैठे पार्ट-टाइम नौकरी और क्रिप्टो ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर 43.12 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम और रोहतक से आरोपितों को दबोचा। उनके कब्जे से 3.10 लाख रुपये नकद, दो सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। Faridabad News
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-31 निवासी व्यक्ति को पहले व्हाट्सएप ग्रुप और फिर टेलीग्राम के माध्यम से पार्ट-टाइम नौकरी का झांसा दिया गया। शुरूआती छोटे भुगतान कर उसका विश्वास जीता गया और बाद में फर्जी क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर 30 से 50 प्रतिशत तक काल्पनिक लाभ दिखाकर निवेश के लिए प्रेरित किया गया।
पीड़ित ने 17 मई से 1 जून 2026 के बीच विभिन्न बैंक खातों में 43.12 लाख रुपये जमा कर दिए। बाद में निकासी रोककर उससे केवाईसी, खाता अपग्रेड और अन्य शुल्क के नाम पर और रकम मांगी गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराए जाते थे। एक खाते में ठगी की रकम में से करीब 3.80 लाख रुपये जमा होने की पुष्टि हुई है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। Faridabad News