शादी के लिए दबाव बना रही थी महिला, आरोपी ने हत्या कर नहर में फेंका शव, पुलिस ने दबोचा

शादी के लिए दबाव बना रही थी महिला, आरोपी ने हत्या कर नहर में फेंका शव, पुलिस ने दबोचा

Published On

जमशेदपुर (एजेंसी)। Jamshedpur News: झारखंड के जमशेदपुर स्थित परसुडीह थाना क्षेत्र में एक हफ्ते पहले नहर से बरामद महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। उसकी हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि महिला लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। 

26 जुलाई की सुबह परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह कैनाल में एक महिला का शव पानी में तैरता हुआ मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान मृतका की पहचान जुगसलाई के बंगाली पाड़ा निवासी 45 वर्षीय किरण देवी के रूप में हुई। उनके पुत्र घनश्याम सिंह ने शव की पहचान की।

इसके बाद पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों तथा गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच की। जांच के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र के छोटा बांदुआ निवासी दासमत बास्के की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि किरण देवी उस पर शादी करने का लगातार दबाव बना रही थी।

इसी से परेशान होकर उसने उनकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कलियाडीह कैनाल में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टीवीएस स्कूटी, एक काला टी-शर्ट, गुलाबी रंग का बैग और बैंगनी रंग का छींटदार ट्राउजर बरामद किया है। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है।

Jamshedpur News
Jamshedpur News: शादी का दबाव बना रही थी महिला, आरोपी ने हत्या कर नहर में फेंका शव, पुलिस ने दबोचा

About The Author

Related Posts