शिक्षा और रोजगार
सोनीपत में ज्वेलर्स लूट के तीन आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
सेल्समैन की आंखों में मिर्च डालकर गहनों से भरा बॉक्स लेकर हुए थे फरार
सोनीपत (सच कहूँ न्यूज)। Sonipat News: खरखौदा में दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान में हुई लूट के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया चांदी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों से अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
शनिवार सुबह रतन मार्केट स्थित सांवरियां ज्वेलर्स की दुकान पर दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे थे। चांदी की चेन और ब्रेसलेट देखने के दौरान आरोपियों ने सेल्समैन भोला की आंखों में मिर्च डाल दी और गहनों से भरा बॉक्स लेकर फरार हो गए। शोर सुनकर दुकान मालिक और आसपास के लोगों ने पीछा किया, जिसमें एक आरोपी मौके पर पकड़ा गया, जबकि उसके तीन साथी कार से भाग निकले। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
बॉक्स
पुलिस पर फायरिंग के बाद दबोचे गए आरोपी
पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। क्राइम यूनिट खरखौदा को सूचना मिली कि आरोपी एनसीआर वाटर चैनल के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो मुख्य आरोपी सागर ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने सागर समेत अनुज और लक्ष्य को गिरफ्तार कर लिया। घायल सागर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीसीपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि सागर ने वारदात से पहले कई दिनों तक ज्वेलर्स की दुकान की रेकी की थी। आरोपियों ने सेल्फ ड्राइव पर कार किराये पर लेकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस कार के इस्तेमाल की अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है। सागर के खिलाफ सोनीपत, करनाल और उत्तर प्रदेश में लूट, डकैती और चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
