Kanwar Yatra: इमामगेट चौकी प्रभारी की दरियादिली, पैर में मोच आने पर की शिवभक्तों की सहायता

मोच लगे कांवड़िए की मदद को आगे आए चौकी प्रभारी

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कांवड़ ड्यूटी पर तैनात कस्बे की इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी ने दरियादिली दिखाते हुए मानवीयता की मिसाल पेश की है। उन्होंने रास्ता भटककर कैराना पहुंचे मुरादनगर के शिवभक्तों को निजी खर्च से किराए पर वाहन करके उनके गंतव्य तक पहुंचने में मदद की है।

क्षेत्रीय पुलिस-प्रशासन कांवड़ यात्रा को सकुशल व शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु पूरे मनोयोग से डटा हुआ है। कस्बे की इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी भी नगर के कांधला तिराहे पर पुलिस टीम के साथ में कांवड़ ड्यूटी में तैनात है। रविवार को हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आ रहे मुरादनगर के कुछ शिवभक्त कांवड़िए रास्ता भटकर भूलवश कैराना पहुंच गए। उन्हें अज्ञात वाहन चालक कस्बे के कांधला तिराहे पर छोड़कर चला गया। इनमें से एक कांवड़िए के पैर में मोच भी आई हुई थी, जिस कारण उसे पैदल चलने में काफी कठिनाई हो रही थी।

कांवड़ियों ने ड्यूटी कर रहे एसआई जितेंद्र त्यागी को अपनी व्यथा बताई। इस पर चौकी प्रभारी ने दरियादिली का परिचय देते हुए कांवड़ियों के लिए निजी खर्च से पिकअप वाहन की व्यवस्था कराई और उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। पुलिस टीम के सहयोग पर कांवड़ियों ने ह्रदय से आभार व्यक्त करते हुए मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। इस दौरान एंटी रोमियों प्रभारी एसआई शिल्पी चौधरी तथा अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Kairana News

About The Author

Related Posts