रिश्ते को लेकर विवाद में युवती की गला दबाकर हत्या, पिता गिरफ्तार
युवती के मित्र की सूचना पर झिंझाना पुलिस ने अंतिम संस्कार से पूर्व मृतका के शव को कब्जे में लेकर कराया था पोस्टमार्टम
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: प्रेम-प्रसंग से नाराज परिजनों ने दो दिन पूर्व युवती की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल मृतका के पिता को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। युवती के मित्र की सूचना पर झिंझाना पुलिस ने गांव नौनांगली से युवती के शव को अंतिम संस्कार से पूर्व ही कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
विगत 29 जुलाई को करीब तीन बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवती की हत्या करके परिजनों के द्वारा उसका अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया जा रहा है, जिस पर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। उस समय मृतका का शव झिंझाना क्षेत्र में स्थित पैतृक गांव नौनांगली ले जाया जा रहा था। झिंझाना पुलिस ने गांव में पहुँचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई है। इसके उपरांत, पुलिस के द्वारा सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच प्रारम्भ की गई।
पुलिस जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि मृतका गरिमा का लगभग 08 वर्ष से हिमांशु नामक युवक के साथ में प्रेम-प्रसंग था। हिमांशु मृतका के भाई अर्जुन का मित्र था, जिस कारण उसका गरिमा के घर पर नियमित आना-जाना था। दोनों एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे, परन्तु गरिमा के परिजनों ने उसकी शादी अन्य स्थान पर तय कर दी थी। इस पर हिमांशु ने गरिमा के मंगेतर को अपने प्रेम-प्रसंग की जानकारी दे दी, जिसके कारण यह रिश्ता टूट गया। इस घटना के बाद गरिमा के परिजनों विशेषकर उसके भाई के द्वारा गहरी नाराजगी व्यक्त की जा रही थी। गरिमा अपने परिवार के साथ में आदर्शमण्डी थानाक्षेत्र के खुशहाली विहार भैंसवाल रोड शामली में स्थित मकान में रह रही थी। यहीं पर उसकी हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।
घटना के उपरांत साक्ष्य छिपाने तथा पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को मृतका के पैतृक गांव नौनांगली ले जाकर शीघ्र अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच गरिमा के मित्र हिमांशु द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के संबंध में हिमांशु की लिखित तहरीर के आधार पर थाना आदर्श मण्डी पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। शनिवार को पुलिस ने युवती की हत्या में घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, साक्ष्यों का संकलन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण तथा गहन विवेचना के आधार पर हत्याकांड में लिप्त युवती के पिता सुधीर को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
.jpg)