Car Catches Fire: सम्भलहेडा में सीएनजी कार में लगी भीषण आग, पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टला

चलती CNG कार में लगी भीषण आग, दो युवकों ने कूदकर बचाई जान

Published On

मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Mirapur News: ग्राम सम्भलहेडा में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती सीएनजी कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन आग का गोला बन गया। गनीमत रही कि कार सवार दोनों युवकों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, बहसूमा थाना क्षेत्र के ग्राम मोड़ खुर्द निवासी मुरसलीन अपने एक दोस्त के साथ सीएनजी से चलने वाली आई-10 कार में किसी जरूरी कार्य से जानसठ की तरफ जा रहा था। जैसे ही उनकी कार सम्भलहेडा स्थित खाद सोसाइटी के पास पहुंची, तभी अचानक कार से धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में उसमें भीषण आग लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। चूंकि कार सीएनजी से चल रही थी, इसलिए लोगों में सिलेंडर फटने की आशंका को लेकर दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मदनपाल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसआई कामिल चौधरी, मनीष कुमार, मनोज कुमार और देवेश कुमार ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर हटाया तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता एवं सूझबूझ की सराहना करते हुए उनकी कार्यशैली की प्रशंसा की।

Mirapur News

About The Author

Related Posts