पीएम आवास योजना में फर्जीवाड़े का आरोप, सीएम से शिकायत
कैराना में पीएम आवास योजना पर उठे सवाल, जांच के लिए सीएम को भेजा शिकायती पत्र
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: मोहल्ला खैलकलां निवासी व्यक्ति ने प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े फर्जीवाडे का आरोप लगाते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती-पत्र भेजकर जांच कराने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि सहारनपुर मंडलायुक्त, डीएम शामली व डूडा विभाग के अधिकारी को भी भेजी गई है।
कस्बे के मोहल्ला खैलकलां निवासी अहसान सैफी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती-पत्र भेजा है। बताया कि प्रदेश सरकार के द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर लोगो को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने हेतु धनराशि दी जा रही है। आरोप है कि कैराना कस्बे में इस योजना में बडा फर्जीवाडा हो रहा है। सम्बंधित विभाग के अधिकारी दलालों से सांठ-गांठ करके अपात्रों को पात्र दर्शाकर इस योजना का लाभ दिला रहे है, जबकि पात्र लोग योजना के लाभ से वंचित है।
आरोप है कि पीएम आवास योजना के तहत ऐसे लोगो को भी लाभ दिलाया गया है, जिनके पास पहले से ही पक्के मकान उपलब्ध है। आर्थिक रूप से सम्पन्न तथा अविवाहित लोगो को भी योजना का लाभार्थी बनाया गया है। आरोप है कि फर्जीवाड़े में कुछ सफेदपोश, जनसेवा केन्द्र संचालक व विभाग के अधिकारी शामिल है। पत्र में लाभार्थी दर्शाए गए लोगो की किस्त रोककर उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही, अपात्र लोगो से धनराशि की रिकवरी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
