Bomb Threat: बम धमकी से गुरुग्राम-फतेहाबाद में हड़कंप, तलाशी में नहीं मिला संदिग्ध सामान
कोर्ट व सरकारी कार्यालय खाली कराए, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
गुरुग्राम/फतेहाबाद (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा/विनोद शर्मा)। Haryana Bomb Threat: हरियाणा में शुक्रवार को बम धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। गुरुग्राम में जिला अदालत, डीसी कार्यालय और कई स्कूलों को धमकी दी गई, जबकि फतेहाबाद जिला अदालत को भी बम से उड़ाने की चेतावनी वाला ईमेल भेजा गया। दोनों मामलों में खुद को खालिस्तान समर्थक संगठन बताने वाले लोगों ने धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने मोर्चा संभालते हुए परिसरों की जांच की। तलाशी के दौरान किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। गुरुग्राम में शुक्रवार सुबह करीब 8:20 बजे आए ईमेल में पांच अगस्त तक मांग पूरी नहीं होने पर सिलसिलेवार धमाकों की चेतावनी दी गई थी।
ईमेल में कोर्ट, डीसी कार्यालय, स्कूलों और दिल्ली संसद भवन को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। धमकी के बाद जिला अदालत और लघु सचिवालय परिसर को खाली कराया गया। कई स्कूलों में एहतियात के तौर पर कक्षाएं खाली कराई गईं और कुछ अभिभावक अपने बच्चों को घर ले गए। पुलिस ने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को भी सूचना दी। वहीं, फतेहाबाद जिला अदालत की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए संदेश में कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ईमेल में खालिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लिखे गए थे। सूचना मिलते ही अदालत परिसर खाली करवाकर सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर की मौजूदगी में पूरे परिसर की जांच कराई गई।
हिसार से पहुंची बम निरोधक टीम और डॉग स्क्वॉड ने कार्यालयों, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला। दोनों मामलों में पुलिस की साइबर टीमें ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं। ईमेल के आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरूआती जांच में धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है, लेकिन लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। गौरतलब है कि हरियाणा में इससे पहले भी कई बार ऐसे फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजे जा चुके हैं।