Medical Education: भारत में चिकित्सा शिक्षा सुधार की जरूरत! सस्ती मेडिकल पढ़ाई, पारदर्शी प्रवेश और ग्रामीण स्वास्थ्य पर जोर

चिकित्सा शिक्षा में पारदर्शिता व जवाबदेही बढ़ेगी तो विद्यार्थियों का विश्वास मजबूत होगा

Published On

देश में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा का विस्तार आज सबसे बड़ी जरूरतों में शामिल है। बढ़ती आबादी, बदलती जीवनशैली और नई स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच भारत को अधिक संख्या में कुशल चिकित्सकों और विशेषज्ञों की आवश्यकता है। हालांकि चिकित्सा संस्थानों की संख्या में वृद्धि हुई है, फिर भी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों का विस्तार जरूरत के अनुरूप नहीं हो पाया है। दूसरी ओर प्रवेश परीक्षाओं की निष्पक्षता को लेकर उठते सवालों ने युवाओं के भरोसे को प्रभावित किया है। Medical Education

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद देश के कई हिस्सों में विद्यार्थियों और संगठनों ने विरोध दर्ज कराया। इस पूरे मामले ने यह स्पष्ट किया कि चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की आवश्यकता है। प्रशासनिक स्तर पर उठाए गए कदम महत्वपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए परीक्षा व्यवस्था में मूलभूत सुधार जरूरी हैं। निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली ही योग्य विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का समान अवसर दे सकती है।

वर्तमान समय में निजी चिकित्सा महाविद्यालय देश में चिकित्सकों की बढ़ती जरूरत को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनकी अधिक फीस और शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर चिंता बनी हुई है। चिकित्सा शिक्षा का खर्च इतना अधिक हो गया है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थी कई बार पीछे रह जाते हैं। Medical Education

शिक्षा को समाज सेवा से जोड़कर देखने की आवश्यकता है, ताकि आर्थिक स्थिति किसी विद्यार्थी के सपनों में बाधा न बने। हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने निजी चिकित्सा महाविद्यालयों की शुल्क व्यवस्था से जुड़े मामले में कहा कि निजी संस्थानों को सरकारी संस्थानों के समान शुल्क लेने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता, क्योंकि वे अपने संसाधनों से संचालित होते हैं। न्यायालय की यह टिप्पणी निजी संस्थानों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखती है, लेकिन साथ ही यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा को सुलभ कैसे बनाया जाए।

कई निजी चिकित्सा संस्थानों को शुरूआत में सरकारों से भूमि और अन्य सुविधाएं रियायती दरों पर मिलती हैं। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शुल्क व्यवस्था और पर्याप्त छात्रवृत्ति की नीति पर गंभीर विचार होना चाहिए। सरकार को यह अध्ययन भी कराना चाहिए कि कमजोर वर्गों से कितने विद्यार्थी चिकित्सक बन पा रहे हैं और निजी संस्थानों की शुल्क संरचना वास्तव में कितनी उचित है। 

निजी चिकित्सा महाविद्यालयों में शिक्षकों के वेतन, विद्यार्थियों की प्रशिक्षण व्यवस्था और इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाली सुविधाओं की भी नियमित निगरानी होनी चाहिए। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि विद्यार्थियों से जुड़े सभी नियमों का ईमानदारी से पालन हो। चिकित्सा शिक्षा में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तो विद्यार्थियों और समाज दोनों का विश्वास मजबूत होगा। भारत में चिकित्सा शिक्षा की ऊंची लागत के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी विदेशों का रुख करते हैं। Medical Education

यह स्थिति बताती है कि देश में कम खचीर्ली और बेहतर गुणवत्ता वाली चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था विकसित करने की जरूरत है। चिकित्सा संस्थानों की स्थापना में चिकित्सकों को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और उन्हें आसान वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए। यदि बड़े औद्योगिक समूह इस क्षेत्र में निवेश करते हैं तो उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी के तहत कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने की स्पष्ट योजना बनानी चाहिए।

चिकित्सा शिक्षा को सिर्फ आर्थिक लाभ का माध्यम नहीं बनाया जा सकता। देश को विशेष रूप से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में सेवा देने वाले चिकित्सकों की आवश्यकता है। इसलिए डॉक्टरों की वास्तविक जरूरत का आकलन कर ऐसी नीतियां बनानी होंगी, जिनसे दूरदराज क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें। ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवाओं को चिकित्सा प्रशिक्षण देकर स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा सकता है। भारत में चिकित्सकों की संख्या में वृद्धि हुई है, लेकिन बड़ी चुनौती उनका समान वितरण है। अधिकांश विशेषज्ञ चिकित्सक बड़े शहरों में केंद्रित हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी बनी हुई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक अस्पतालों को मजबूत करने से जिला अस्पतालों पर बढ़ता दबाव कम किया जा सकता है।

सरकार को स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के साथ प्रत्येक क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण अस्पतालों की स्थापना की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। केंद्र और राज्यों के सहयोग से ऐसी व्यवस्था तैयार की जा सकती है, जहां हर वर्ग के विद्यार्थियों को अवसर मिले और हर नागरिक को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो। चिकित्सा शिक्षा में सुधार ही देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत आधार दे सकता है।
धुर्जती मुखर्जी (यह लेखक के अपने विचार हैं) Medical Education

About The Author

Related Posts