Haryana Punjab Weather: हरियाणा-पंजाब वालों हो जाओ अलर्ट, 4 अगस्त तक होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने की भविष्यवाणी

हरियाणा-पंजाब वालों हो जाओ अलर्ट, 4 अगस्त तक होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने की भविष्यवाणी

Published On

पंचकूला (सच कहूँ न्यूज)। मौसम विज्ञान विभाग ने चार अगस्त तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में लगातार बारिश का अनुमान लगाया है। आईएमडी की शुक्रवार की बुलेटिन में बताया गया कि इन इलाकों में बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के भी चलने का अनुमान है। पूर्वी विदर्भ और पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़ के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम की ओर बढ़ गया है और सुबह 5:30 बजे तक मध्य विदर्भ और दक्षिण मध्य प्रदेश के ऊपर केंद्रित हो गया है। इस प्रणाली के अगले 24 घंटों में विदर्भ और दक्षिण मध्य प्रदेश से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है, जिससे देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून की सक्रियता बनी रहेगी।

आईएमडी ने 31 जुलाई से चार अगस्त तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में व्यापक बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। आईएमडी ने 31 जुलाई से तीन अगस्त तक हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी भविष्यवाणी की है। पंजाब में एक से तीन अगस्त के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की उम्मीद है, जबकि 31 जुलाई को कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।

उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में 5 अगस्त तक व्यापक बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में एक से पांच अगस्त तक भारी बारिश होने का अनुमान है और 31 जुलाई को कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।

About The Author

Related Posts