नीट विवाद के बीच छत्तीसगढ़ में परीक्षा व्यवस्था कड़ी, पहली से 12वीं कक्षा तक एक समान समय सारणी जारी

नीट विवाद के बीच छत्तीसगढ़ में परीक्षा व्यवस्था कड़ी, पहली से 12वीं कक्षा तक एक समान समय सारणी जारी

Published On

रायपुर । देशभर में नीट पेपर लीक और परीक्षा की गोपनीयता को लेकर उठे सवालों के बाद छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने भी परीक्षा प्रणाली को और अधिक सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम उठाया है। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के सभी सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में कक्षा पहली से बारहवीं तक आयोजित होने वाली तिमाही और छमाही परीक्षाओं के लिए एक समान समय-सारिणी जारी कर दी है।
विभाग ने प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने, नकल पर प्रभावी नियंत्रण और निष्पक्ष परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जिले में जिला परीक्षा समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। अब प्रदेशभर में परीक्षाएं एक ही दिन, एक ही पैटर्न और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी, जिसकी निगरानी जिला स्तर पर गठित समिति करेगी।
डीपीआई के आदेश के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 में तिमाही परीक्षाएं 21 से 30 सितंबर 2026 तक तथा छमाही परीक्षाएं एक से 11 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। विभाग का उद्देश्य पूरे प्रदेश में परीक्षा संचालन और मूल्यांकन व्यवस्था में एकरूपता लाना है, ताकि परीक्षा की गुणवत्ता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे। परीक्षा आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और शिक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डीपीआई के निर्देश के अनुसार प्रत्येक जिले में गठित जिला परीक्षा समिति के अध्यक्ष जिला शिक्षा अधिकारी होंगे, जबकि सहायक संचालक (प्रशासन) सदस्य सचिव की भूमिका में रहेंगे। समिति में दो वरिष्ठ प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल समन्वयक तथा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्कूलों के प्रधान पाठकों को भी शामिल किया गया है। समिति को प्रश्नपत्र निर्माण से लेकर मूल्यांकन तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिला परीक्षा समिति जिले के उत्कृष्ट विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का पैनल तैयार करेगी। यही शिक्षक पाठ्यक्रम के आधार पर प्रश्नपत्र तैयार करेंगे और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करेंगे। विभाग ने प्रश्नपत्रों की गोपनीय छपाई और सुरक्षित बंडलिंग की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। परीक्षा शुरू होने से दो दिन पहले प्रश्नपत्रों का वितरण संकुल और विकासखंड स्तर पर सुरक्षित तरीके से किया जाएगा। परीक्षा के दौरान नकल रोकने और अनुशासन बनाए रखने के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर स्कूलों का औचक और सघन निरीक्षण किया जाएगा।
परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का निष्पक्ष और समय पर मूल्यांकन कराया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों के अंकों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखा जाएगा।
परीक्षा कार्यक्रम की समय सारणी में तिमाही परीक्षा 21 से 30 सितंबर 2026 और छमाही परीक्षा एक से 11 दिसंबर 2026 तक होंगी और पहली से पांचवी कक्षा की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक, छठी से आठवीं कक्षा की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक तथा नौंवी से बाहरवी कक्षा की परीक्षा दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक होगी।

About The Author

Related Posts