माउंट आबू से आईं राज्ययोगिनी ब्रह्माकुमारी बहन अदिति ने घरौंडा मीडिया को किया संबोधित, सकारात्मक पत्रकारिता पर हुई सार्थक चर्चा

ब्रह्माकुमारीज के मीडिया संवाद कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर चर्चा

Published On

घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: ब्रह्माकुमारीज संस्थान के आनंद सरोवर, घरौंडा में आज विशेष मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माउंट आबू मुख्यालय से पधारीं राज्ययोगिनी ब्रह्माकुमारी बहन अदिति जी ने घरौंडा क्षेत्र के पत्रकारों को संबोधित किया।

ब्रह्माकुमारी बहन अदिति जी स्वयं मीडिया जगत से जुड़ी रही हैं और कई राष्ट्रीय चैनलों व प्रमुख दैनिक समाचार पत्रों में ब्यूरो के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। आध्यात्मिक जीवन अपनाने के बाद भी वे मीडिया के प्रति गहरी समझ रखती हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दौर में खबरों की गति बढ़ी है, लेकिन विश्वसनीयता और सकारात्मकता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण ही नहीं, दिशा देने वाला भी होता है। इसलिए आध्यात्मिकता को साथ लेकर चलने से पत्रकारिता में सकारात्मकता, निष्पक्षता और मानवीय मूल्यों का समावेश होता है। नकारात्मक खबरों की होड़ से हटकर यदि पॉजिटिव और समाधानपरक पत्रकारिता की जाए तो समाज में बड़ा परिवर्तन आ सकता है।

इस अवसर पर घरौंडा ब्रह्माकुमारीज केंद्र की संचालिका बीके बहन रेणु जी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि मीडिया राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में घरौंडा के वरिष्ठ पत्रकार तेज बहादुर टिक्कू, सुशील कौशिक, नरेंद्र लाठर, सलिन्द्र मोकल, जयभगवान सैन, तेजबीर धनखड़, कमल धीमान, पीयूष गुम्बर सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने पत्रकारिता के अपने अनुभव साझा किए और वर्तमान समय में स्वच्छ, सच्ची व धर्मयुक्त पत्रकारिता कैसे कायम रहे, इस विषय पर गहन मंथन किया।

Gharaunda News
Gharaunda News: अंत में सभी पत्रकारों को ईश्वरीय सौगात देकर सम्मानित किया गया।

About The Author

Related Posts