एलपीजी से भरी मालगाड़ी के टैंकर में रिसाव, घनी आबादी क्षेत्र में मचा हड़कंप

हिसार रेलवे स्टेशन पर एलपीजी टैंकर से गैस रिसाव, बड़ा हादसा टला

Published On

हिसार (सच कहूँ न्यूज़)। Hisar News: हिसार रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब पंजाब के बठिंडा से झज्जर जा रही एलपीजी से भरी मालगाड़ी के एक टैंकर में अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया। घटना सूर्यनगर रेलवे फाटक के पास घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुई, जिससे रेलवे प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग में हड़कंप मच गया। हालांकि अधिकारियों की तत्परता और तकनीकी टीमों की सतर्कता से समय रहते रिसाव पर काबू पा लिया गया और संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई।

रेलवे सूत्रों के अनुसार एलपीजी से लदी मालगाड़ी बठिंडा से झज्जर जा रही थी। बुधवार सुबह करीब 8 बजे हिसार रेलवे स्टेशन पर गाड़ी की जांच के दौरान कर्मचारियों को एक टैंकर से गैस रिसने का पता चला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने तुरंत संबंधित टैंकर को पूरी रैक से अलग कर दिया और उसे सूर्यनगर फाटक के पास सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने दमकल विभाग, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी, जिला प्रशासन और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) को अलर्ट कर दिया। कुछ ही समय में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके में लगातार निगरानी रखी गई।

ऊपरी हिस्से के ढक्कन से हो रहा था रिसाव

जांच के दौरान पता चला कि एलपीजी टैंकर के ऊपरी हिस्से पर लगे ढक्कन (हैच) से गैस बाहर निकल रही थी। इसके बाद जींद और बठिंडा से रेलवे की विशेष तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब ढाई से तीन घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद गैस रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित किया गया। बताया गया कि संबंधित टैंकर में करीब 37 टन एलपीजी गैस भरी हुई थी। इतनी बड़ी मात्रा में गैस होने के कारण थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती थी।

कारणों की जांच शुरू

घटना के बाद रेलवे ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि गैस रिसाव तकनीकी खराबी के कारण हुआ या इसमें किसी प्रकार की मानवीय लापरवाही रही। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदमों की भी समीक्षा की जाएगी। रेलवे अधिकारी जांच पूरी होने तक मामले में विस्तृत जानकारी देने से बच रहे हैं। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही रेलवे ने तत्काल आपात कार्रवाई शुरू कर दी थी। तकनीकी टीमों की मदद से रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है और वर्तमान में स्थिति सुरक्षित है।

Hisar News

About The Author

Related Posts