शिक्षा और रोजगार
Kanwar Yatra: कांवड़ पथ पर शिवभक्तों को न हो कोई परेशानी: डीएम
डीएम-एसपी ने कैराना पहुंचकर यमुना ब्रिज तक कांवड़ मार्ग का किया गहन निरीक्षण
कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के मद्देनजर डीएम व एसपी ने यूपी-हरियाणा बॉर्डर तक कांवड़ पथ का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही, कांवड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न कराए जाने हेतु की जा रही तैयारियां को बुधवार शाम तक मुकम्मल करने के निर्देश दिए।
बुधवार को जिलाधिकारी आलोक यादव व एसपी नरेन्द्र प्रताप सिंह कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते हुए कैराना पहुंचे। जहां पर उन्होंने गुरुवार को श्रावण मास में प्रारंभ होने जा रही कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत हरियाणा बॉर्डर तक तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मार्ग पर साफ-सफाई और सड़कों की हालत को परखा गया तथा यमुना घाट पर कांवड़ियों के स्नान के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी की। डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान इस वर्ष भी काफी कांवड़ियों के क्षेत्र से आवागमन की उम्मीद है, जिसे लेकर सभी विभागों के साथ में समन्वय स्थापित किया जा रहा है। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने हेतु कार्य योजना बनाई गई है और तैयारियां लगभग पूर्ण हो गई है। सभी विभागों को समय से तैयारियां पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया था। साफ-सफाई को बेहतर ढ़ंग से कराने और मार्ग को यथाशीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे। वहीं, जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा के दौरान यमुना घाट व ब्रिज पर तैनात ड्यूटीकर्मियों को पूरी तरह सजग रहने हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने पानी के स्तर को घटने-बढ़ने के साथ ही यमुना नदी में श्रद्धालुओं के स्नान हेतु की गई बैरिकेडिंग को परिस्थितियों के अनुसार परिवर्तित करते रहने के निर्देश दिए है। साथ ही, विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए मोटर बोट व गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है। उधर, एसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे, जिसके लिए खाका तैयार किया गया है। वॉचिंग टावर से कांवड़ पथ की निगरानी रखी जाएगी। कांवड़ पथ पर सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इस दौरान एसडीएम शिवाजी यादव, यमुना ब्रिज चौकी प्रभारी एसआई अखिलेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
19.jpg)