खिलौने बेचकर लौट रहे दो युवकों पर चाकू से हमला, घायल

चार बुलेट सवार नकाबपोश युवकों ने दिया वारदात को अंजाम

Published On

सफीदों (सच कहूँ/देविन्द्र कुमार। Safidon News: गांव कारखाना के समीप मंगलवार देर रात खिलौने बेचकर लौट रहे दो युवकों पर चार नकाबपोश बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए। ग्रामीणों की सहायता से उन्हें शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ितों की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव रोजला निवासी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शहर के मकबरा पीर के पास खिलौनों की दुकान लगाता है। मंगलवार देर रात दुकान बंद करने के बाद वह अपने दोस्त गांव कारखाना निवासी दीपक के साथ बाइक से घर लौट रहा था।

जब वे गांव कारखाना के पास पहुंचे तो पीछे से बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे, आए और उनकी बाइक रुकवा ली। राहुल के अनुसार, बदमाशों ने बिना किसी बातचीत के उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राहुल की उंगली और हाथ की कोहनी पर चोट लगी, जबकि दीपक की गर्दन पर चाकू से वार किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। राहुल ने बताया कि उसकी किसी से कोई रंजिश या पुरानी दुश्मनी नहीं है और न ही उसका किसी के साथ कोई विवाद रहा है। सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दो युवकों पर चाकू से हमला किए जाने की शिकायत मिली है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। 

Safidon News
Safidon News: नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान राहुल व दीपक।

About The Author

Related Posts