Road Accident: दर्दनाक हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत, भतीजा गंभीर घायल

मिर्च की बेड़ लेने जा रहे चाचा-भतीजा हादसे का शिकार, घायल का अस्पताल में इलाज जारी

Published On

कानपुर, (हि.स.)। नरवल थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया तो वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पड़ताल में जुट गई है।

अखरी गांव निवासी रामकुमार (63) अपने भतीजे शिव नारायण के साथ बाइक से फतेहपुर जिले के खुमानखेड़ा गांव जा रहे थे। दोनों मिर्च की बेड़ लेने के लिए निकले थे। इसी दौरान नरवल थाना क्षेत्र में मिर्जई गेट के पास सिकठिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सरकारी वाहन से दोनों को सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रामकुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शिव नारायण की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

नरवल थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है। चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts