Snatching: महिला के गले से 2 ग्राम सोने का टुकड़ा झपटकर फरार
मक्की खरीदने के दौरान दुकान का पता पूछने के बहाने रोका, वारदात के बाद बाइक से भागा
हनुमानगढ़। जिले के संगरिया कस्बे में एक महिला के गले से सोने का टुकड़ा झपटकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर संगरिया थाना पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार विमला (56) पत्नी लीलूराम वाल्मीकि निवासी वार्ड नंबर 34, संगरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे वह भगतपुरा रोड पर दूध देकर वापस अपने घर लौट रही थी। रास्ते में वह अपने परिचित नरेश की मक्की की रेहड़ी पर मक्की खरीदने के लिए रुकी। Hanumangarh News
रिपोर्ट के अनुसार उस समय एक युवक मोटर साइकिल लेकर नरेश के पास खड़ा था और उससे बातचीत कर रहा था। मक्की खरीदने के बाद जब विमला अपने घर की ओर जाने वाली गली में पहुंची तो वही युवक उसके पीछे-पीछे आ गया। आरोपी ने उसे रोककर हल वाली दुकान का पता पूछा। महिला के कुछ समझने से पहले ही उसने उसके गले में धागे में पिरोया हुआ करीब 2 ग्राम वजनी सोने का टुकड़ा झपट्टा मारकर तोड़ लिया और मोटर साइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।
पीड़िता ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने अपने भतीजे संजय को पूरी जानकारी दी। इसके बाद दोनों नरेश की रेहड़ी पर पहुंचे और उससे उस युवक के बारे में पूछताछ की। नरेश ने बताया कि वह युवक कई बार वहां आता है और उसका नाम राजीव नायक पुत्र रामसिंह नायक निवासी गाणकथेड़ी है।
महिला ने रिपोर्ट में बताया कि घटना से वह काफी घबरा गई थी और उसकी तबीयत खराब हो गई थी। इसी कारण पुलिस को सूचना देने में देरी हुई। संगरिया थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक विजय सिंह सोनी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है तथा मामले की जांच जारी है। Hanumangarh News