Hanumangarh News: रिहायशी प्लॉट में तोड़फोड़ कर ढहाया कमरा

सरिया-गाडर व घरेलू सामान चोरी, सदर थाने में मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ) एक रिहायशी प्लॉट में तोड़फोड़ कर कमरे की छत गिराने तथा सरिया, गाडर और घरेलू सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सूरांवाली निवासी पृथ्वी सिंह (62) पुत्र भादर राम जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने हनुमानगढ़ तहसील के 19 जेआरके में स्थित 0.152 हेक्टेयर (1520 वर्गमीटर) आवासीय भूमि रूपलाल से खरीदी थी।

रूपलाल ने यह भूमि पहले जसकरण सिंह से खरीदी थी तथा बाद में तहसीलदार हनुमानगढ़ से इसका आवासीय रूपांतरण भी कराया था। रिपोर्ट में बताया गया कि 1 जुलाई 2015 से उक्त भूमि पर उसका कब्जा है। उसने प्लॉट की चारदीवारी कर रखी थी और एक कमरा भी बना रखा था।

प्रार्थी के अनुसार 23 जुलाई 2026 को जब वह अपने प्लॉट की देखभाल के लिए पहुंचा तो देखा कि कमरे की छत तोड़ी हुई थी तथा कमरे में रखा घरेलू सामान, सरिया, गाडर और अन्य सामग्री गायब थी। इसके बाद उसने आसपास के लोगों से जानकारी ली। पड़ोसियों ने बताया कि रात करीब 12 बजे के बाद प्लॉट की ओर से तोड़फोड़ की आवाजें आ रही थीं।

जब वे आवाज सुनकर बाहर निकले तो कुछ लोग वहां से भागते हुए दिखाई दिए। सदर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले का अनुसंधान एएसआई लक्ष्मण लाल मीणा को सौंपा गया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

 

About The Author

Related Posts