Fraud: कारोबारी के खाते में जमा नकदी में मिले 7 नकली नोट, पुलिस जांच शुरू
200 रुपए का एक और 100 रुपए के छह नकली नोट मिले ,जंक्शन थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़ रावतसर, (सच कहूँ) स्थित एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक शाखा में एक कारोबारी के खाते में जमा करवाई गई नकदी में सात नकली नोट मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बैंक के उप शाखा प्रबंधक की रिपोर्ट पर जंक्शन पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, रावतसर शाखा के उप शाखा प्रबंधक पवन कुमार (31) पुत्र महेन्द्र कुमार निवासी वार्ड नंबर 10, कंदोई मोहल्ला, नोहर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को शाम करीब 4 बजे के बाद उनकी शाखा में शिव शक्ति ट्रेडिंग कंपनी के नाम से संचालित खाते में कंपनी का एक कर्मचारी लगभग 55 हजार रुपए की नकदी जमा कराने आया था।
जांच के बाद 51400 रुपए खाते में जमा कर दिए गए। नकदी की जांच के दौरान बैंक कर्मचारी रमेश कुमार ने सात नोटों को संदिग्ध पाया। जांच करने पर इनमें 200 रुपए का एक नोट तथा 100 रुपए के छह नोट नकली पाए गए। इसके अलावा नकदी में कुछ फटे हुए नोट भी शामिल थे। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया बीएनएस की धारा 179 एवं 180 के तहत अपराध दर्ज किया है।
रिपोर्ट में वर्णित सभी सात नकली नोटों को अनुसंधान के लिए सुरक्षित एवं अनसील्ड अवस्था में मालखाने में जमा करवाया गया है। मामले की जांच रावतसर थाना प्रभारी अजय गिरधर को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली नोट बैंक तक कैसे पहुंचे और इन्हें जमा कराने वाले व्यक्ति तक ये नोट किस माध्यम से पहुंचे।