नाबालिग बेटों की जमीन हड़पने के आरोप में मां गिरफ्तार

मां ने फर्जी दस्तावेजों से 47 लाख में बेच दी जमीन

Published On

कलायत (सच कहूँ न्यूज)। Kalayat News: कलायत थाना पुलिस ने नाबालिग बच्चों की पैतृक जमीन हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि का हस्तांतरण और विक्रय कराने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान गांव चौसाला निवासी पुष्पा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी पीएसआई अमन के नेतृत्व में एएसआई सुभाष सिंह की टीम ने शनिवार को महिला को गिरफ्तार किया।

शिकायतकर्ता पवन ने बताया कि उसके भाई सतीश कुमार का एक अक्टूबर 2022 को निधन हो गया था। उनकी मृत्यु के बाद पैतृक भूमि उत्तराधिकार के अनुसार उनकी पत्नी पुष्पा और दोनों नाबालिग पुत्रों आदित्य तथा तेजेंद्रपाल के नाम दर्ज हुई थी। आरोप है कि पुष्पा ने नरेश, भूपेंद्र (नंबरदार), गौरव शर्मा (वकील) और अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने दोनों नाबालिग बच्चों के फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र तैयार करवाए। इन दस्तावेजों के आधार पर पारिवारिक हस्तांतरण की वसीका पंजीकृत करवाई गई और राजस्व रिकॉर्ड में इंतकाल भी मंजूर करा लिया।

इसके बाद आरोपियों ने उक्त जमीन को लगभग 46.96 लाख रुपये में एक अन्य व्यक्ति के पक्ष में बेच दिया। पूरी प्रक्रिया सुनियोजित साजिश के तहत की गई और नाबालिग बच्चों के हितों की अनदेखी की गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। महिला को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

Kalayat News

About The Author

Related Posts