बरसीम का बीज चोरी करते युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पेड़ से बांधा
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें, आरोपी गिरफ्तार
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: चीका क्षेत्र के गांव हरिगढ़ किंगन में बरसीम का बीज चोरी करते एक युवक को शनिवार को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोपी को रस्सी से पेड़ से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
चीका थाना के एसआई विजय कुमार की टीम ने गांव सिहाली निवासी संदीप को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ गांव हरिगढ़ किंगन निवासी कृष्ण कुमार की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने घर में 50-50 किलो के बरसीम बीज के 10 कट्टे रखे हुए थे। 27 जुलाई को एक कट्टा और 29 जुलाई को दूसरा कट्टा चोरी हो गया था। 31 जुलाई को तीसरी बार संदीप और मेवा चोरी करने पहुंचे। निगरानी लगाए बैठे ग्रामीणों ने संदीप को मौके पर पकड़ लिया, जबकि मेवा फरार हो गया। संदीप को पुलिस पहुंचने तक पेड़ से बांधकर रखा गया।
आरोपियों की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पकड़े जाने के बाद कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने आरोपी को थाने ले जाकर मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ चल रही है।
