शिक्षा और रोजगार
भिवानी में डाक कर्मचारियों का प्रदर्शन, हड़ताल की चेतावनी
निजीकरण और लक्ष्य आधारित उत्पीड़न के खिलाफ देशभर में आंदोलन तेज
भिवानी (सच कहूँ/इन्द्रवेश)। Bhiwani News: भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ (बीपीईएफ) और भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध यूनियनों के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत बुधवार को भिवानी मंडलीय कार्यालय में डाक कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने लंच आवर के दौरान गेट मीटिंग कर विभागीय नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। भारतीय डाक कर्मचारी संघ भिवानी मंडल के सचिव प्रवीण कुमार खोरडि?ा ने कहा कि कर्मचारी विरोधी नीतियों, लक्ष्य आधारित दबाव, निजीकरण और विभागीय समस्याओं के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 20 से 27 जुलाई तक कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया था। अब मंडलीय कार्यालय पर प्रदर्शन कर प्रशासन को चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर 5 अगस्त को एक दिवसीय हड़ताल और 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
रेलवे मेल सेवा को जारी रखने और आरटीएन व्यवस्था बंद करने की मांग।
एमएमएस, आरएमएस सहित विभिन्न संवर्गों में रिक्त पद भरने की मांग।
विभागीय भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग।
कर्मचारियों की अन्य मांगें
डाक कर्मचारियों ने कैडर रिस्ट्रक्चरिंग लागू करने, मृतक आश्रितों को रिक्त जीडीएस पदों पर समायोजित करने, विश्वकर्मा जयंती पर विभागीय अवकाश घोषित करने और पुरानी डिलीवरी व्यवस्था बहाल करने की मांग भी उठाई। प्रदर्शन में गौतम, बबलू, अजीत, कालू, संजीव, प्रीतम, सतनाम, नीरज, सुनील, प्रदीप व रमेश सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।