शिक्षा और रोजगार
Bomb Threat: अबोहर के चार निजी स्कूलों को मिली बम धमकी
सुबह मिले धमकी भरे कॉल के बाद पुलिस अलर्ट
अबोहर (सच कहूँ न्यूज)। Abohar News: पंजाब के अबोहर शहर में बुधवार सुबह चार निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तुरंत कक्षाएँ स्थगित कर विद्यार्थियों को सुरक्षित घर भेज दिया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और स्कूल परिसरों की जाँच शुरू कर दी गई। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे चार निजी स्कूलों को धमकी भरे कॉल मिले थे। इसके बाद एंटी-सबोटाज टीमों को मौके पर भेजा गया। टीमों ने स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू कर दी, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।
सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम
अबोहर के डीएसपी हरीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए हैं। स्कूलों की पूरी तरह जाँच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला शरारत या फर्जी धमकी का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। धमकी के बाद स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए छुट्टी घोषित कर दी। पुलिस अब धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है और इसके लिए तकनीकी जांच भी की जा रही है।