शिक्षा और रोजगार
42 गाँवों के किसानों को बड़ा तोहफा, लिफ्ट सिस्टम के जरिए मिला नहरी पानी
भगवंत मान सरकार ने नहरी पानी खेतों तक पहुँचाकर पंजाब को बचाने का काम किया: गोयल
पटियाला/घनौर (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। जल संसाधन मंत्री बरिन्द्र गोयल (Barinder Goyal) और विधायक गुरलाल घनौर ने बुधवार को गाँव कोल्हेमाजरा में 26.73 करोड़ रुपये की लागत से तैयार लिफ्ट सिस्टम आधारित नहरी सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए हल्का घनौर के 42 गाँवों के किसानों को बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने इस क्षेत्र के किसानों की आजादी से पहले से चली आ रही लंबे समय की माँग को पूरा कर अपना वादा निभाया है। गोयल ने कहा कि पंजाब सरकार ने पहली बार भूजल को बचाने का संकल्प लेते हुए व्यर्थ बह जाने वाले नहरी पानी का बड़े पैमाने पर सिंचाई के लिए उपयोग किया है।
उन्होंने कहा कि खेतों तक नहरी पानी पहँुचाकर पंजाब के भूजल को बचाने के अभियान को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि पंजाब के सामने मौजूद समस्याओं के समाधान के लिए नहरों का पानी अंतिम छोर (टेल) तक पहँुचाने का वादा किया गया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि विधायक गुरलाल घनौर की पहल पर हल्का घनौर में 22.23 करोड़ रुपये की लागत से वाटर लिफ्टिंग सिस्टम (पूर्व नाम राजखांट, बनूड़ नहर) के माध्यम से 36.39 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन बिछाकर 38 गाँवों को नहरी पानी का लाभ दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे 15,129 एकड़ क्षेत्र पहली बार नहरी सिंचाई के दायरे में आया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा हल्का घनौर के अंतर्गत आने वाले घड़ाम रजबाहे के 2.44 किलोमीटर हिस्से को 4.50 करोड़ रुपये की लागत से कंक्रीट लाइनिंग कर पक्का किया गया है।
इससे लाभान्वित होने वाले 4 गाँवों की 1,803 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध होगा। विधायक गुरलाल घनौर ने कहा कि लिफ्ट सिस्टम शुरू होने से जहाँ भूजल की बचत होगी, वहीं किसानों की खेती की लागत भी कम होगी। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर रमनदीप सिंह बैंस, ट्यूबवेल कॉपोर्रेशन के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर मनिन्द्र सिंह, कार्यकारी इंजीनियर गुरशरण सिंह विर्क, एसडीओ कुमार धवन, जिला परिषद सदस्य गुरमेल सिंह, सहजपाल सिंह, कप्तान सिंह, नरेन्द्र सिंह, ब्लॉक समिति शंभू के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, गुरताज सिंह, डीएसपी दलजीत सिंह विर्क, नायब तहसीलदार हरीश कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री गोयल ने बताया कि पंजाब सरकार ने बाढ़ से बचाव के लिए पूरे राज्य में 450 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और पिछले 50 वर्षों में पहली बार इतने बड़े स्तर पर यह कार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि अकेले घनौर हल्के में घग्गर नदी पर बाढ़ से बचाव के लिए 13 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
गाँव कोल्हेमाजरा में लिफ्ट सिस्टम आधारित नहरी सिंचाई परियोजना का उद्घाटन करते जल संसाधन मंत्री बरिन्द्र गोयल और विधायक गुरलाल।