लगातार खराब हो रही डबवाली डिपो की बस से यात्री परेशान, बड़ा हादसा टला
विभाग से की नई बसें चलाने की मांग
सिरसा। सिरसा से संगरिया जाने वाली हरियाणा रोडवेज (डबवाली डिपो) की बस, जो प्रतिदिन सुबह 6:40 बजे संगरिया के लिए रवाना होती है और शाम 5:15 बजे सिरसा बस अड्डे से अंतिम फेरा लगाती है, पिछले करीब एक महीने से लगातार खराब चल रही है। इससे रोजाना सफर करने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि बस बार-बार रास्ते में खराब हो जाती है, जिसके कारण वे न तो समय पर अपने कॉलेज और कार्यस्थल पहुंच पाते हैं और न ही समय पर घर लौट पाते हैं।
बुधवार को सिरसा बस अड्डे से रवाना होने से पहले ही बस खराब हो गई। करीब दो घंटे बाद दूसरी बस की व्यवस्था की गई, लेकिन वह बस भी रास्ते में खराब हो गई, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। वहीं गुरुवार सुबह भी यही बस रास्ते में तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। बस की शाफ्ट (Shaft) गिर गई, जिसके चलते बस बीच रास्ते में रुक गई।
हालांकि चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यात्रियों को फिर से काफी देर तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा और वे अपने गंतव्य पर देर से पहुंचे। इस अवसर पर विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों ने विभाग से नई बसें चलाने की मांग की है।
बीए के विद्यार्थी विकास ने बताया, "कॉलेज आने-जाने के लिए हम इसी बस से सफर करते हैं। बस की खराब हालत के कारण कई बार क्लास छूट जाती है और पढ़ाई का नुकसान होता है। प्रशासन को जल्द से जल्द दूसरी बस उपलब्ध करानी चाहिए।"
रोजाना सफर करने वाले यात्री अजेव वैंक कर्मचारी ने बताया, "यह बस पिछले करीब एक महीने से लगातार खराब चल रही है। आए दिन रास्ते में खराब होने के कारण हमें घंटों इंतजार करना पड़ता है। इससे समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। कहा, "हम नौकरी के लिए इसी बस पर निर्भर हैं। बस बार-बार खराब होने के कारण हम समय पर कार्यालय नहीं पहुंच पाते, जिससे काम भी प्रभावित होता है।"
इस सम्बन्ध में बस के ड्राइवर विनोद ने बताया कि ये बसें बहुत पुरानी हैं और काफी लम्बे समय से यही बसें चल रही हैं , जिनमें हर दिन कोई ना कोई खराबी आती रहती है।