शिक्षा और रोजगार
77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव की तैयारियां पूरी, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
सीएम नायब सैनी करेंगे शुभारंभ, 800 बच्चे लगाएंगे पौधे, 20 हजार पौधारोपण का लक्ष्य
घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: पंडित दीन दयाल उपाध्याय मेडिकल यूनिवर्सिटी (निर्माणाधीन) कुटेल में 30 जुलाई को 77वां राज्य स्तरीय वन महोत्सव भव्य रूप से आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता हरियाणा के वन एवं वन्य प्राणी मंत्री राव नरबीर सिंह करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और हरियाणा विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण विशिष्ट अतिथि रहेंगे। इस दौरान बड़े स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बुधवार को अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और वन विभाग की ओर से समारोह को लेकर सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वे वन विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और ‘हरियाणा फॉरेस्ट न्यूज’ व ‘धार्मिक वृक्षारोपण’ पुस्तिकाओं का विमोचन भी करेंगे।
समारोह की खास बात यह रहेगी कि करीब 800 स्कूली बच्चे मुख्यमंत्री के साथ मिलकर पौधारोपण करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री बच्चों और नागरिकों को पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की शपथ भी दिलाएंगे। इस अवसर पर वन विभाग की ओर से करीब 20 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे।
इस राज्य स्तरीय समारोह में इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी और असंध विधायक योगेंद्र राणा के शामिल होने का प्रस्ताव है। इसके अलावा हरियाणा पर्यावरण, वन एवं वन्य प्राणी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख डॉ. के. सी. मीणा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।