Sonipat News: प्रताप स्कूल खरखौदा शिक्षा और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मानित
शिक्षा मंत्री ने 'ब्रिलिएंस इन स्पोर्ट्स एंड स्कूल एकेडमिक्स' पुरस्कार से नवाजा
सोनीपत। शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रताप स्कूल, खरखौदा को प्रतिष्ठित 'ब्रिलिएंस इन स्पोर्ट्स एंड स्कूल एकेडमिक्स' सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान विद्यालय द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल प्रतिभाओं के विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया। Sonipat News
आयोजित सम्मान समारोह में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण तथा करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने विद्यालय की प्रधानाचार्या दया दहिया और एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया को सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
विद्यालय को यह उपलब्धि शिक्षा और खेल के संतुलित विकास के मॉडल के रूप में स्थापित करने, विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करने तथा उनके समग्र व्यक्तित्व के विकास में निरंतर योगदान देने के कारण प्राप्त हुई है। Sonipat News
इस अवसर पर प्रधानाचार्या दया दहिया ने कहा कि यह सम्मान केवल विद्यालय प्रशासन की उपलब्धि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों के सामूहिक समर्पण एवं परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक सफलता तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनमें अनुशासन, नैतिक मूल्य, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है।
एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया ने बताया कि विद्यालय अपनी स्थापना के समय से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेलों को समान महत्व देता आया है। इसी दृष्टिकोण का परिणाम है कि विद्यालय के खिलाड़ी अब तक 263 अंतरराष्ट्रीय पदक अर्जित कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं।
विद्यालय प्रबंधन समिति और समस्त स्टाफ ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रताप परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान भविष्य में भी विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा। विद्यालय ने इस उपलब्धि को अपने विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों और सभी शुभचिंतकों को समर्पित किया। Sonipat News