UP Weather Alert: मौसम विभाग व जिला प्रशासन ने 11 अगस्त तक जारी किया आरेंज अलर्ट
डीएम ने कहा - अफवाहों पर ध्यान न देकर प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का करें पालन
फिरोजाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। UP Weather Alert: मौसम विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा शुक्रवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज शुक्रवार से 11 अगस्त तक जनपद के अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात/गरज चमक के साथ तेज बारिश (सामान्य से अत्यधिक/भारी वर्षा)/तेज हवा आने की अधिक संभावना के दृष्टिगत आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा जनपदवासियों से अनुरोध किया है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क एवं सुरक्षित रहें।
वहीं सावधानी बरते हुए रेडियो, टेलीविजन एवं सोशल मीडिया के माध्यम से मौसम संबंधी जानकारी निरंतर प्राप्त करते रहें, पुराने एवं जर्जर भवनों तथा कच्ची दीवारों से दूर रहें, अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें, विद्युत तारों एवं विद्युत पोलों के नीचे अथवा आसपास खड़े न हों, कृषकगण भारी वर्षा एवं ओलावृष्टि के दौरान खेतों पर जाने से बचें। कहा गया है कि मौसम संबंधी अधिक जानकारी हेतु प्ले स्टोर से “ सचेत ” ऐप/दामिनी ऐप डाउनलोड करें। किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सहायता हेतु टोल फ्री नंबर 108/102 पर संपर्क करें। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि अफवाहों पर ध्यान न दें एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा कंट्रोल रूम नम्बर - 05612-285222 पर किसी भी असुविधा पर जानकारी दें।