Haridwar Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम ने दिए विशेष सतर्कता बरतने व प्रभावी भीड़ प्रबंधन के निर्देश

कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने सीसीआर कंट्रोल रूम पहुंचे डीएम

Published On

बढ़ती भीड़ को देखते हुए आगामी तीन दिनों के लिए लिया फैसला:

हरिद्वार, (हि.स.)। कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सीसीआर में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से सम्पूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग, सभी पार्किंग स्थलों, हाईवे क्षेत्र, प्रमुख चौराहों तथा संवेदनशील स्थानों की व्यवस्थाओं की लाइव मॉनिटरिंग करते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया। जिन स्थानों पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक पाई गई, वहां तैनात अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने, भीड़ का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल एवं संसाधनों की तैनाती करने के निर्देश दिए। Haridwar News

कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों के समन्वय से चौबीसों घंटे व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने का कार्य किया जा रहा है। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रत्येक महत्वपूर्ण स्थल पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसी भी स्थिति में त्वरित निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी पार्किंग स्थलों, हाईवे, प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखें। साथ ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी तीन दिनों में कांवड़ यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।Haridwar News

इसे दृष्टिगत रखते हुए सभी विभाग पूरी मुस्तैदी एवं समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक संवेदनशील स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति का तत्काल प्रभाव से समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि भीड़ नियंत्रण एवं यातायात डायवर्जन के संबंध में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को विभिन्न माध्यमों से लगातार जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

कंट्रोल रूम से प्राप्त लाइव फीड के आधार पर पूरे यात्रा मार्ग की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (संचार) विपिन कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे। Haridwar News

About The Author

Related Posts