Rajasthan Roadways: 11 नई बसें दौड़ीं, जिला कलक्टर ने दिखाई हरी झंडी

जोधपुर के लिए शुरू हुई सीधी सेवा, शिमला रूट भी जल्द होगा शुरू

Published On

हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के हनुमानगढ़ आगार को हाल ही में प्राप्त 11 अत्याधुनिक ब्लू लाइन एक्सप्रेस नई बसों का शुभारंभ शनिवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने रोडवेज डिपो परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने नई बसों को जनसेवा के लिए रवाना करते हुए यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक एवं बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम के प्रयासों की सराहना की। Rajasthan Roadways

इस मौके पर राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के अधिकारी, कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जिला कलक्टर ने बसों का निरीक्षण कर उनमें उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की जानकारी ली, वहीं डिपो अधिकारियों ने नई बसों की विशेषताओं से उन्हें अवगत कराया। आगार के मुख्य प्रबंधक हामिद अली ने बताया कि यात्रियों की मांग और विभिन्न मार्ग़ों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नई बसों का संचालन हनुमानगढ़-जोधपुर, हनुमानगढ़-जयपुर, श्रीगंगानगर-जयपुर, श्रीगंगानगर-सिरसा, श्रीगंगानगर-राजगढ़ सहित अन्य प्रमुख मार्ग़ों पर शुरू किया गया है।

नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा सुविधा मिलेगी। इस मौके पर हनुमानगढ़ से जोधपुर के लिए नई सीधी बस सेवा भी शुरू की गई। यह बस प्रतिदिन सुबह 7 बजे हनुमानगढ़ से रवाना होकर शाम करीब 6.30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। वापसी में बस सुबह 6 बजे जोधपुर से प्रस्थान कर शाम करीब 5.30 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेगी। इस सेवा से पीलीबंगा, सूरतगढ़, अर्जुनसर, महाजन, लूणकरणसर, बीकानेर, नोखा और नागौर सहित मार्ग के अनेक शहरों के यात्रियों को सीधी बस सुविधा का लाभ मिलेगा।

मुख्य प्रबंधक ने बताया कि अनूपगढ़-शिमला मार्ग पर भी नई बस सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। आवश्यक प्रशासनिक एवं परिचालन संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद लगभग एक सप्ताह के भीतर इस रूट पर भी बस का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। इससे सीमावर्ती क्षेत्र के यात्रियों को हिमाचल प्रदेश के लिए सीधी एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।  

रोडवेज प्रशासन का कहना है कि नई बसों के संचालन से निगम की सेवाओं का विस्तार होगा, यात्री सुविधाएं बेहतर होंगी और विभिन्न महत्वपूर्ण मार्ग़ों पर आवागमन अधिक सुगम बनेगा। आगार प्रशासन ने यात्रियों से इन नई बस सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है। 11 नई बसों के शामिल होने से डिपो के बेड़े में बसों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है। इनमें निगम की 63 बसें, 16 अनुबंधित बसें तथा 11 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें शामिल हैं। Rajasthan Roadways

About The Author

Related Posts