शिखर शिक्षा सदन के युवा निशानेबाज़ों का कमाल, 15 में 15 खिलाड़ियों ने जीतकर रचा नया कीर्तिमान
शूटिंग चैंपियनशिप में शिखर शिक्षा सदन के खिलाड़ियों की शानदार कामयाबी
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Mirapur News: शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरापुर के युवा निशानेबाज़ों ने हाल ही में आयोजित शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 15 खिलाड़ियों ने भाग लिया और सभी 15 खिलाड़ियों ने ट्रॉफी जीतकर 100 प्रतिशत सफलता हासिल की। इस उपलब्धि ने विद्यालय के खेल इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के स्कूलों, कॉलेजों और शूटिंग अकादमियों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच शिखर शिक्षा सदन के खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक निशानेबाज़ी का शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
विद्यालय के चेयरमैन सुशील शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कठिन मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि विद्यालय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए लगातार बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है।
प्रबन्धिका शिखा शर्मा ने खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावकों की भूमिका की भी सराहना की, जबकि प्रधानाचार्या शालिनी रॉय ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शूटिंग कोच तापेन्द्र ने सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की नियमित मेहनत और समर्पण को दिया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत और सम्मान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
