Sweet Corn Farming: टिहरी में ‘कॉर्न विलेज’ मॉडल से खेती को नई उड़ान, स्वीट कॉर्न से किसानों की बढ़ेगी आमदनी
टिहरी में कॉर्न विलेज परियोजना से किसानों को नई उम्मीद
टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में कृषि को अधिक लाभकारी और आधुनिक बनाने की दिशा में ‘कॉर्न विलेज’ पहल तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वरुणा अग्रवाल ने जौनपुर विकासखंड के ग्राम सैंजी का दौरा कर वहां उगाई जा रही स्वीट कॉर्न की फसल का निरीक्षण किया और किसानों से खेती की प्रगति एवं उत्पादन संबंधी जानकारी प्राप्त की। Sweet Corn Farming
निरीक्षण के दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद किया और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आवश्यक संसाधन और तकनीकी सहयोग समय पर उपलब्ध कराया जाए, जिससे खेती को अधिक लाभदायक बनाया जा सके।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ग्राम सैंजी सहित आसपास के कई गांवों में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को स्वीट कॉर्न, हाइब्रिड मक्का और राजमा/बीन्स की उन्नत किस्मों के बीज उपलब्ध कराए गए हैं। किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृषि रक्षा रसायन तथा तकनीकी मार्गदर्शन भी नियमित रूप से दिया जा रहा है, ताकि फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार हो सके।
ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि योजना शुरू होने से पहले गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। किसानों से उनकी जरूरत के अनुसार बीज की मांग ली गई और समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इससे क्षेत्र के किसानों में व्यावसायिक खेती के प्रति रुचि बढ़ी है। Sweet Corn Farming
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने अपने खेतों में तैयार हुई स्वीट कॉर्न की फसल का प्रदर्शन किया और अधिकारियों को ताजा उत्पाद का स्वाद भी चखाया। फसल की गुणवत्ता से संतुष्ट सीडीओ ने किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से खेतों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ कराने तथा किसान समूहों को मक्का थ्रेशर जैसी कृषि मशीनें उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
प्रशासन का मानना है कि आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण बीज और बेहतर विपणन व्यवस्था के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है। साथ ही स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। Sweet Corn Farming