Money Double Scam: रुपए डबल करने के लालच में 30 हजार की ठगी
चिल्ड्रन बैंक के नोट थमाकर फरार हुए ठग, पंजाब निवासी युवक को हनुमानगढ़ बुलाकर वारदात
हनुमानगढ़। रुपए तीन से चार गुना करने का झांसा देकर पंजाब निवासी एक युवक से 30 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित को हनुमानगढ़ बुलाकर 10 हजार रुपए नकद और 20 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए तथा बदले में असली नोटों की जगह चिल्ड्रन बैंक के नोटों से भरा पैकेट थमा दिया। Hanumangarh News
ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने जंक्शन थाने में परिवाद दिया, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार पंजाब निवासी तसवीर सिंह से आरोपियों सोनू और नीतू ने संपर्क कर रुपए तीन से चार गुना करने का लालच दिया। उनके झांसे में आकर तसवीर सिंह हनुमानगढ़ पहुंचा।
यहां आरोपियों ने उससे 10 हजार रुपए नकद लिए, जबकि 20 हजार रुपए गूगल पे के माध्यम से अपने खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद उन्होंने नोटों का एक पैकेट तसवीर सिंह को सौंप दिया। पीड़ित ने मौके पर पैकेट खोलकर नहीं देखा। बाद में जब उसने पैकेट खोला तो उसमें असली नोटों की बजाय बच्चों के खेलने वाले चिल्ड्रन बैंक के नोट निकले। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने तुरंत पुलिस से शिकायत की। तसवीर सिंह ने महिला नीतू और सोनू के खिलाफ जंक्शन थाने में परिवाद सौंपा है।
पुलिस ने परिवाद के आधार पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस संभावना से भी इनकार नहीं कर रही कि वारदात के पीछे किसी संगठित ठग गिरोह का हाथ हो सकता है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ-साथ उनके नेटवर्क और घटनाक्रम की भी जांच कर रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रुपए दोगुने या कई गुना करने जैसे किसी भी लालच में न आएं। ऐसे प्रलोभन देने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। Hanumangarh News