Hanumangarh News: नंदी से मारपीट पर गोरक्षकों में रोष, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
कोहला फार्म के पास घायल अवस्था में मिला नंदी, पुलिस की मदद से गोशाला पहुंचाकर कराया उपचार
हनुमानगढ़। कोहला फार्म के पास शुक्रवार को एक नंदी के घायल अवस्था में मिलने के बाद गोरक्षकों में रोष फैल गया। सूचना मिलने पर गोरक्षक मौके पर पहुंचे और टाउन थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की सहायता से घायल नंदी को टाउन स्थित फाटक गोशाला पहुंचाकर उसका उपचार कराया गया। Hanumangarh News
गोरक्षकों ने मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्राम पंचायत गुरुसर के प्रशासक रामेश्वर लाल कड़ेला ने बताया कि उन्हें दूरभाष पर सूचना मिली थी कि गुरुसर के कुछ लोगों की ओर से गुरुसर पुलिया के पास एक नंदी के साथ मारपीट की जा रही है।
सूचना मिलने पर वह ग्रामीणों तथा बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ एसएसडब्ल्यू नहर से निकलने वाली फतेहगढ़ माइनर के पास पहुंचे। वहां एक नंदी पेड़ के नीचे घायल अवस्था में खड़ा मिला। उन्होंने बताया कि नंदी की नाक से खून बह रहा था, शरीर पर कई स्थानों पर घाव और सूजन के निशान थे तथा उसकी हालत गंभीर प्रतीत हो रही थी। कड़ेला ने आरोप लगाया कि मौके पर एक व्यक्ति भी मौजूद था, जिसने गोभक्तों के साथ कहासुनी की। Hanumangarh News
सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायल नंदी को उपचार के लिए टाउन स्थित फाटक गोशाला भिजवाया गया। पशु चिकित्सक ने भी नंदी की स्थिति गंभीर बताई। गोरक्षकों का आरोप है कि नंदी को एक नोहरे में बंद कर लाठियों से पीटा गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
रामेश्वर लाल कड़ेला ने यह भी आशंका जताई कि करीब चार-पांच माह पूर्व बारूद से मुंह क्षतिग्रस्त होने के कारण जिस नंदी की मौत हुई थी, उस घटना में भी संभवत: यही लोग शामिल हो सकते हैं। इस मौके पर बजरंग दल प्रखंड संयोजक कृष्णकांत पारीक, नरेन्द्र कुमार सहित कई गोरक्षक मौजूद रहे। Hanumangarh News
