8.25 करोड़ की लागत से तैयार अहुलाना में सब स्टेशन का किया उद्घाटन
आहुलाना में 33 केवी पावर हाउस का शुभारंभ
सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। Sonipat News: घसौली और बजाना कलां के बाद अब आहुलाना गांव में लगभग 8.25 करोड़ की लागत से करीब दो एकड़ भूमि पर तैयार 33 केवी पावर हाउस का शुभारंभ विधायक देवेंद्र कादियान ने फीता काटकर और बटन दबाकर किया। इस पावर हाउस के चालू होने से आहुलाना, अटायल और मनक माजरी सहित आसपास के खेतों में बिजली आपूर्ति पहले से अधिक सुचारू होगी। लगभग तीन हजार बिजली उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा, जबकि खेड़ी गुर्जर पावर हाउस पर वर्षों से बना अतिरिक्त लोड भी काफी हद तक कम हो जाएगा।
इस अवसर पर विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नया पावर हाउस केवल बिजली आपूर्ति का केंद्र नहीं, बल्कि किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के जीवन में नई ऊर्जा का माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि उद्देशीपुर में भी नया पावर हाउस बनकर तैयार है, जिसे जल्द ही चालू किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। किसानों की सिंचाई प्रभावित होती थी और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित होती थी। नए पावर हाउस के शुरू होने से इन समस्याओं में काफी कमी आएगी और बिजली व्यवस्था अधिक भरोसेमंद बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के सामने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं भी रखीं। विधायक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
बिजली निगम के एक्सईएन प्रवीन गर्ग ने बताया कि नए 10 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर के साथ तैयार इस 33 केवी पावर हाउस से लोड का बेहतर बंटवारा होगा। ट्रांसफार्मरों पर दबाव कम पड़ेगा, फॉल्ट और ट्रिपिंग की घटनाएं घटेंगी तथा रखरखाव कार्य भी अधिक सुगमता से किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों को भी सिंचाई के लिए पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध होगी। इस अवसर पर बिजली निगम के सब अर्बन एसडीओ अभिषेक कुमार, एसडीओ अमित डागर, एलडीसी संदीप कुमार, सरपंच प्रतिनिधि अजित कुमार पूर्व सरपंच हरेन्दर पहल, ब्लॉक समिति चेयरमैन अनिल कुमार, गुरमैल सरपंच गामड़ा, शंकर, बिजेंद्र कोच, मोना, रणबीर, रोहताश, राजू, बलजीत, दीपक पहलवान समेत काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
