सैर पर निकले व्यक्ति को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर
गंभीर हालत में जोधपुर में उपचार जारी, 22 दिन बाद बेटे ने दर्ज कराई रिपोर्ट
हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने सड़क दुर्घटना के एक मामले में अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल के बेटे की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, जंक्शन के जीएस नगर निवासी 21 वर्षीय करणपाल पुत्र रणजीत सिंह ने थाने में रिपोर्ट दी। Hanumangarh News
रिपोर्ट में बताया गया कि 8 जुलाई की रात करीब 8.20 बजे उसके पिता रणजीत सिंह (48) पुत्र दीप सिंह भाटी भोजन करने के बाद प्रतिदिन की तरह सतीपुरा से टाउन जाने वाली सड़क पर टहलने गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, जब रणजीत सिंह मदान एन्क्लेव कॉलोनी के गेट के पास सड़क किनारे अपनी ओर चल रहे थे, तभी सतीपुरा की तरफ से तेज गति और लापरवाही से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर, हाथ, छाती, कमर और पैरों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने घायल को संभाला और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उन्हें पहले बेनीवाल ऑर्थो हॉस्पिटल, टाउन ले जाया गया। सिर और छाती में गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें आगे उपचार के लिए मेडिप्लस हॉस्पिटल, जोधपुर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
करणपाल ने पुलिस को बताया कि पिता के उपचार में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका। उपचार संबंधी व्यस्तता के बाद अब उसने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास के साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच हेड कांस्टेबल पप्पूराम मीणा को सौंपी गई है। Hanumangarh News