Drug Smuggler Arrested: पीलीबंगा में गांजा सहित दिव्यांग तस्कर गिरफ्तार, पुलिस को देखकर झाड़ियों में छिपा
तलाशी में 11 पुड़ियां और गांजा बरामद, पूछताछ में हनुमानगढ़ के व्यक्ति से खरीदकर बेचने की बात सवीकारी
Drug Smuggler Arrested: हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 85 ग्राम गांजा बरामद कर एक दिव्यांग व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा के साथ 11 खाली जिप लगी प्लास्टिक की थैलियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार पीलीबंगा थाना के कार्यवाहक प्रभारी एसआई वीरचंद मय जाप्ता पीलीबंगा से खरलियां जाने वाली सड़क पर पीबीएन नहर के निकट रोही चक 13 पीबीएन में नाकाबंदी एवं गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर पुलिया के पास झाड़ियों में छिप गया। संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम सुखदेव राम (40) पुत्र बिल्ख सिंह बाजीगर निवासी वार्ड नंबर 21, पीलीबंगा बताया।
पुलिस के अनुसार आरोपी बाएं पैर से घुटने के नीचे से दिव्यांग है। झाड़ियों में छिपने का संतोषजनक कारण नहीं बताने पर नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी की पायजामे की जेब से 11 छोटी जिप लगी प्लास्टिक की थैलियां तथा दूसरी जेब से एक सफेद प्लास्टिक का लिफाफा मिला। लिफाफे में हल्के हरे और भूरे रंग का डंठल व चूरा जैसा पदार्थ मिला, जिसकी जांच करने पर वह गांजा पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर प्लास्टिक लिफाफे सहित कुल वजन 85 ग्राम निकला। बरामद गांजा को सील कर जब्त किया गया तथा 11 प्लास्टिक की जिप लगी थैलियों को भी सबूत के तौर पर कब्जे में लिया गया। Hanumangarh News
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक पैर से दिव्यांग होने के कारण कोई अन्य काम नहीं कर पाता और गांजा बेचने का धंधा करता है। वह छोटी-छोटी जिप लगी थैलियों में गांजा भरकर 50 रुपए प्रति पुड़िया बेचता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा मदन बिहारी निवासी हनुमानगढ़ से 25 हजार रुपए प्रति किलोग्राम की दर से 100 से 200 ग्राम की मात्रा में खरीदता था।
दो दिन पहले ही उसने 100 ग्राम गांजा 2500 रुपए में खरीदा था, जिसमें से कुछ बेच चुका था और शेष गांजा गोदामों में पल्लेदारी करने वाले मजदूरों को बेचने जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। प्रकरण का अनुसंधान कार्यवाहक एसआई राजेन्द्र कुमार की ओर से किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई वीरचंद, हेड कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण, कांस्टेबल श्रवण सिंह और साहबराम शामिल रहे। Hanumangarh News