Fraud Alert: सिक्योरिटी के लिए दिए खाली चेक में 4.90 लाख रुपए भरकर धोखाधड़ी का आरोप
फाइनेंस कारोबारी सहित दो जनों पर साजिश, कूटरचना और अमानत में खयानत के आरोप
हनुमानगढ़। सिक्योरिटी के तौर पर दिए गए खाली चेक में कथित रूप से 4.90 लाख रुपए की राशि भरकर न्यायालय में चेक अनादरण का परिवाद पेश करने के मामले में रावतसर थाना पुलिस ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई बलवन्त कुमार (30) पुत्र लिच्छीराम निवासी 7 डीबीएल तहसील टिब्बी की ओर से दायर इस्तगासे के आधार पर की गई है। Hanumangarh News
इस्तगासे के अनुसार वर्ष 2022 में परिवादी ने घरेलू जरूरत के लिए आरोपी अर्जुन पुत्र धर्मपाल गोदारा निवासी 11 एनडब्ल्यूडी, पोहड़का तहसील पल्लू से 31 हजार रुपए उधार लिए थे। इसके बदले उसने सिक्योरिटी के रूप में अपनी मोटर साइकिल, दो खाली चेक और एक नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर आरोपी को सौंप दिया।
परिवादी का कहना है कि उसने बाद में फोन-पे के माध्यम से 19 हजार रुपए लौटा दिए थे और केवल 12 हजार रुपए शेष थे, जिन्हें बाद में लौटाने की बात कही थी। परिवादी ने आरोप लगाया कि अर्जुन ने उसकी ओर से सिक्योरिटी के तौर पर दिए गए खाली चेकों में से एक चेक आरोपी रणवीर कुमार पुत्र मोहनलाल निवासी वार्ड नंबर 4, चक 3 बीएचएम, जाखड़ांवाली तहसील पीलीबंगा को दे दिया। इसके बाद चेक में कथित रूप से 4 लाख 90 हजार रुपए की राशि भरकर रणवीर के बैंक खाते में प्रस्तुत किया गया। Hanumangarh News
चेक अनादरित होने के बाद परिवादी को बिना पूर्व सूचना दिए उसके खिलाफ धारा 138 एनआई एक्ट के तहत अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, रावतसर में परिवाद दायर कर दिया गया। परिवादी के अनुसार उसे इस पूरे मामले की जानकारी 14 जून 2026 को न्यायालय से नोटिस मिलने पर हुई। इस्तगासे में आरोप है कि 18 जून 2026 को जब उसने अर्जुन से इस संबंध में बात की तो अर्जुन ने कथित रूप से कहा कि अधिक रकम प्राप्त करने के उद्देश्य से चेक में 4.90 लाख रुपए भरकर मामला दर्ज कराया गया है।
वहीं, परिवादी का आरोप है कि रणवीर कुमार से पूछने पर उसने बताया कि अर्जुन फाइनेंस का काम करता है और उसके खिलाफ कई कोर्ट केस चल रहे हैं, इसलिए उसी के कहने पर चेक उसके नाम से भरकर बैंक में लगाया गया। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर रावतसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई शंकरलाल पारीक को सौंपी गई है। Hanumangarh News