Kanwar Yatra: कांवड़ सेवा शिविरों के निरीक्षण पर पहुंचे एसपी, श्रद्धालुओं से जाना कुशल-क्षेम
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण बनाने के लिए एसपी का रात्रि निरीक्षण
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह विगत गुरुवार देर रात्रि कैराना पहुंचे। जहां पर उन्होंने कांवड़ मार्ग पर स्थित पब्लिक इण्टर कॉलिज व अंबा मैरिज होम में संचालित कांवड़ सेवा शिविरों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविरों में ठहरे शिवभक्त कांवड़ियों से संवाद स्थापित करके उनका कुशलक्षेम जाना तथा यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। एसपी ने कांवड़ियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का आश्वासन देते हुए कहा कि जनपद शामली पुलिस उनकी सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्ग पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के साथ में सदैव विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा यातायात, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखते हुए प्रत्येक शिविर एवं कांवड़ मार्ग पर सतत निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान कांवड़ मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, सुरक्षा प्रबंध, पुलिस पिकेट, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारु रूप से संचालित रहें तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल निराकरण कराया जाए।
विदित रहे कि शामली पुलिस के द्वारा श्रावण कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने हेतु व्यापक प्रबंध किए गए हैं तथा संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर लगातार सतर्क दृष्टि रखते हुए प्रभावी पुलिसिंग की जा रही है। इस दौरान राजेश प्रधान आदि मौजूद रहे।
